सोमवार को वायरल हुए एक गोशाला के दो वीडियो ने पूरे प्रशासन को हिलाकर रख दिया। आनन फानन में मामले की जांच के लिए आला अधिकारी मौके पर पहुंचे। जिलाधिकारी खुद दो बार गोशाला पहुंचे। मामले की जांच कर प्रशासन ने दावा है कि जांच में एक वीडियो पुराना निकला है, वहीं अन्य वीडियो में दी गई जानकारी गलत पाई गई। मौके पर सिर्फ एक ही गाय मरी मिली है।
थाना औंछा क्षेत्र के गांव गुराई में संचालित गोशाला का सोमवार को एक वीडियो वायरल हुए है। इस वीडियो में लगभग 15 गोवंश पड़े दिखाई दे रहे हैं। इन्हें मृत बताया गया है। जैसे ही वीडियो वायरल हुआ वैसे ही प्रशासन में खलबली मच गई।
आनन-फानन में सुबह करीब 11 बजे जिलाधिकारी महेंद्र बहादुर सिंह और मुख्य विकास अधिकारी ईशा प्रिया ने मौके पर जाकर निरीक्षण किया। निरीक्षण में पाया गया कि केवल एक ही गाय मरी जबकि अन्य बीमार हैं। उनका उपचार भी किया जा रहा है। डीएम ने सीडीओ और मुख्य पशु चिकित्साधिकारी को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए और वापस लौट आए।