अरथरा नहर में डूबे युवा को निकालने की मांग को लेकर आक्रोसितों द्वारा लगाए गए जाम को खुलवाती पुलिस
- फोटो : ETAH
मारहरा (एटा)। थाना पिलुआ क्षेत्र के गांव अरथरा से निकली नहर में बुधवार को कुछ लोग कलश विसर्जन करने आए थे। यहां नहाते समय एक युवक नहर में डूब गया। इसकी जानकारी लगते ही अफरा तफरी मच गई। सूचना पर पुलिस गोताखोर लेकर पहुंची। गोताखोरों ने देर शाम तक युवक की तलाश की लेकिन सफलता नहीं मिली। इधर पानी का अधिक बहाव से गुस्साए लोगों ने अरथरा पुल पर जाम लगा दिया।
थाना निधौलीकलां क्षेत्र के गांव लालपुर निवासी अजय (18) पुत्र रामपाल बुधवार को अपने गांव के लोगों के साथ श्रीमद् भागवत कथा के समापन के बाद कलश विसर्जन के लिए अरथरा नहर गया था। कलश विसर्जन के समय वह नहर में नहाने के लिए चला गया। यहां वह गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। उसे डूबता देख आसपास के खड़े लोगों ने उसे बचाने का प्रयास किया लेकिन कोई सफल नहीं हो सका। इस पर सूचना पुलिस को दी गई। इस पर पिलुआ पुलिस व सीओ सदर वरुण कुमार गोताखोरों को लेकर मौके पर पहुंचे। गोताखोरों ने देर शाम तक युवक की नहर में काफी तलाश की, लेकिन अंधेरा होने तक उसका पता नहीं लग सका। युवक के न मिलने से युवक के परिजनों में चीत्कार मचा हुआ है। इससे गुस्साए लोगों ने पिछले बार की तरह इस बार भी नहर का बहाव कम कराने की मांग को लेकर अरथरा पुल पर जाम लगा दिया। इससे दोनों ओर का आवागमन बाधित हो गया। सीओ व थाना पुलिस ने लोगों को समझा बुझाकर जाम खुलवा दिया।