आंदोलन के सम्बंध में जिलाधिकारी को ज्ञापन देने पहुचे श्रमिक संगठन के पदाधिकारी
- फोटो : FIROZABAD
फिरोजाबाद। जुलाई-2021 में जारी शासनादेश के अनुसार चूड़ी श्रमिकों को पुनरीक्षित दर से जुड़ाई का भुगतान नहीं करने के विरोध में कांच एवं चूड़ी मजदूर सभा ने चरणबद्ध आंदोलन का एलान किया है। मजदूर सभा के अनुसार, चूड़ी कारखानेदार शासनादेश का पालन नहीं कर रहे हैं। शासनादेश का अनुपालन नही होने के मामले में श्रमिकों ने श्रम विभाग पर भी सवाल खड़े किए हैं। सभा की ओर से इस आशय का ज्ञापन शुक्रवार को एसडीएम को दिया गया।
कांच एवं चूड़ी मजदूर सभा का प्रतिनिधिमंडल शुक्रवार को श्रमिक नेता रामदास मानव के नेतृत्व में कलक्ट्रेट पहुंचा। प्रतिनिधिमंडल ने चूड़ी कारखानेदारों पर गत 21 जुलाई 2021 को जारी शासनादेश के अनुसार जुड़ाई श्रमिकों को मेहनताना का भुगतान नहीं किए जाने का आरोप लगाया। श्रमिक नेताओं के अनुसार, श्रम विभाग की उदासीनता के कारण कारखानेदार मनमानी कर रहे हैं।
आरोप लगाया कि डीएम और जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में हुए समझौते का भी पालन नहीं किया जा रहा है। डीएम चंद्र विजय सिंह के नाम एडीएम को सौंपे ज्ञापन में मजदूर सभा के पदाधिकारियों ने चरणबद्ध आंदोलन का एलान किया है। आठ सूत्री ज्ञापन की मांगों को तत्काल पूरा नहीं किये जाने पर श्रमिक नेता 19 नवंबर को साइकिल यात्रा के माध्यम से लखनऊ के लिए रवाना होंगे। साइकिल यात्रा के दौरान श्रमिक नेता श्रमायुक्त कानपुर कार्यालय पर एक दिवसीय सांकेतिक धरने के बाद 25 नवंबर को मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपेंगे। इस दौरान सुरेश चंद्र सुमन, वीर सिंह सुमन, हाकिम सिंह निमौरिया, मुकेश बाबू आदि प्रमुख रहे।
प्राप्त होने वाली शिकायतों का नियमानुसार निराकरण कराया जाता है। चूड़ी श्रमिकों को जुड़ाई का मेहनताना भुगतान में किसी भी श्रमिक ने शिकायत नहीं की है।
अरुण कुमार सिंह, एएलसी