करहल। थाना क्षेत्र में किशनी रोड स्थित रजबहा के पास रहने वाले पूर्व प्रधान के घर के ताले तोड़ कर चोर करीब तीन लाख रुपये के जेवर और नकदी चोरी कर ले गए। शुक्रवार की सुबह जानकारी होने के बाद गृहस्वामी ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जानकारी जुटाई।
गांव भांती निवासी पूर्व प्रधान उदयपाल सिंह यादव वर्तमान में किशनी रोड पर रजबहा के पास मकान बनाकर रह रहे हैं। परिवार में एक मृत्यु हो जाने पर प्रधान परिजनों के साथ गांव गए थे। तभी बृहस्पतिवार की रात चोरों ने मकान के ताले तोड़ कर अंदर प्रवेश किया। कमरे में रखी अलमारी व बक्से के ताले तोड़ कर करीब तीन लाख रुपये कीमत के जेवर और नकदी चोरी कर ले गए। शुक्रवार की सुबह पूर्व प्रधान को घर में हुई चोरी की जानकारी हुई। पुलिस ने तहरीर पर जांच शुरू कर दी है।
गांव उरथान में ग्रामीणों ने दो चोरों का पकड़ा
करहल। गांव उरथान में एक घर से चोरी करने के बाद निकल रहे दो चोरों को ग्रामीणों ने पकड़ लिया। तलाशी में उनके पास से चोरी का माल बरामद हुआ। ग्रामीणों ने उनकी पिटाई कर पुलिस को सौंप दिया। पुलिस चोरों से पूछताछ कर रही है।
गांव निवासी मुकेश कुमार शुक्रवार की सुबह परिजन के साथ खेत पर काम करने गया था। शाम करीब तीन बजे वह ताऊ के लड़के चंद्रप्रकाश व जीतू के साथ घर लौटा तो घर में उसे किसी की मौजूदगी का एहसास हुआ। जब तक वह लोग दरवाजा खोलते, गांव निवासी नौरतन और सत्यवीर भागने लगे। युवकों ने ग्रामीणों के सहयोग से दोनों को पकड़ लिया और पिटाई कर दी। तलाशी ली तो चांदी की करधनी, पायल व पांच हजार रुपये की नकदी मिली। चोरी करने की बात भी दोनों ने कबूल की। मुकेश ने जब घर में जाकर देखा तो सोने के जेवर भी गायब थे। जिसके बाद लोगों ने दोनों चोरों को बरामद माल सहित पुलिस के सुपुर्द कर दिया।
दुकान में नकब लगाकर चार लाख की बैटरी चुराईं
बेवर। थाना क्षेत्र में जीटी रोड बाईपास स्थित बैटरी की दुकान में बृहस्पतिवार की रात चोरों ने नकब लगाया। चोर करीब चार लाख रुपये कीमत की बैटरी आदि सामान चोरी कर ले गए। शुक्रवार सुबह सूचना मिलने के बाद पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जानकारी जुटाई।
थाना क्षेत्र के गांव खिरिया निवासी नितेंद्र कुमार जीटी रोड बाईपास पर कैनरा बैंक के सामने बैटरी हाउस का संचालन करते हैं। बृहस्पतिवार की शाम वह रोजाना की तरह दुकान बंद करने के बाद घर चले गए थे। शुक्रवार की सुबह वह दुकान पर पहुंचे और शटर खोला तो उनके होश उड़ गए। दुकान के पिछले हिस्से में नकब लगा हुआ था और बैटरी आदि सामान गायब था। नितेंद्र ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जानकारी जुटाई। दुकानदार ने बताया कि चोर करीब चार लाख रुपये कीमत की बैटरी आदि सामान चोरी कर ले गए हैं। इसमें करीब पांच हजार रुपये की नकदी भी शामिल है। पुलिस ने तहरीर मिलने के बाद जांच शुरू कर दी है।