डा. बीआर अंबेडकर विश्वविद्यालय के दिवंगत कर्मचारी सतेंद्र सिंह की
स्मृति में दीक्षांत समारोह में गोल्ड मेडल दिया जाएगा। परिसर में उनकी
प्रतिमा भी लगेगी। कुलपति प्रो. मोहम्मद मुजम्मिल ने इसकी घोषणा की है।
परीक्षा विभाग में तैनात वरिष्ठ सहायक सतेंद्र की शुक्रवार को गोली मारकर
हत्या कर दी गई थी। सोमवार को आयोजित श्रद्धांजलि सभा में कुलपति ने मृतक
के बच्चों को विश्वविद्यालय से संबद्ध कालेज से नि:शुल्क पढ़ाई की भी घोषणा
की। कर्मचारियों ने कुलपति के समक्ष पांच मांगे रखीं। इनमें सिंगल गेट से
एंट्री, गेट पर सीसी कैमरे, सुरक्षाकर्मी की तैनाती आदि शामिल रही। सभा
में विश्वविद्यालय के शिक्षक, कर्मचारियों और अधिकारियों ने एक दिन का वेतन
सतेंद्र के परिजनों को देने का भी एलान किया। सभा में अनिल श्रीवास्तव,
अरविंद गुप्ता, राजकुमार, आनंद टाइटलर, दीपक गुप्ता, विक्रम चौधरी,
श्यामसुंदर, श्याम दीक्षित, संतोष यादव, विनय चौधरी, राधेश्याम गुप्ता,
बृजेश वर्मा, शरद कटियार आदि मौजूद रहे।
औटा भी एक दिन की हड़ताल पर
विवि
कर्मी की हत्या के विरोध में आगरा विश्वविद्यालय शिक्षक संघ (औटा) ने
मंगलवार को कार्य बहिष्कार का एलान किया है। प्रतिनिधि मंडल डीआईजी से
मिलकर हत्यारोपियों की गिरफ्तारी की मांग भी करेगा। अध्यक्ष डा. वीरेंद्र
चौहान और महामंत्री डा. एके सिंह ने कहा कि ये हमला सिर्फ कर्मचारी नहीं,
विश्वविद्यालय परिवार पर है। हत्या का जल्द खुलासा होना चाहिए। डा. आरएन
शर्मा, डा. पुष्पेंद्र सिंह, डा. निशांत चौहान, डा. युवराज सिंह, डा. अजय
कुमार, डा. भूपेंद्र चिकारा, डा. अतीत श्रीवास्तव, डा. अनुराधा गुप्ता ने
भी हत्या पर आक्रोश जताया।
हड़ताल जारी, आज से धरना
कर्मचारियों
की हड़ताल तीसरे दिन भी जारी रही। उन्होंने एलान किया कि हत्यारों के
गिरफ्तार न होने तक कर्मचारी काम नहीं करेंगे। अध्यक्ष अखिलेश चौधरी का
कहना है कि तीन दिन बीतने के बाद भी पुलिस के हाथ कुछ नहीं लगा है।
हत्यारोपी जल्द नहीं पकड़े गए तो विवि में तालाबंदी करा दी जाएगी। मंगलवार
से कर्मचारी धरने पर बैठेंगे।