आगरा। आईएसबीटी पर ओवरब्रिज के निर्माण के कारण सर्विस लेन पर दो साल से जाम के हालात हैं। गुरुद्वारा गुरु के ताल से खंदारी और खंदारी से गुरु के ताल वाली साइड पर सुबह से रात तक जाम के कारण वाहन सवार खंदारी, ककरैठा, गैलाना की कॉलोनियों की गलियों से निकल रहे हैं। इस वजह से ककरैठा, शिवमकुंज, चंद्र नगर, नीरज नगर, गुरनाम दास नगर, सोबरन कुंज समेत कॉलोनियों की गलियों में सुबह और शाम को जाम लग रहा है। इस कारण कॉलोनी के लोग अपने दो पहिया वाहन भी नहीं निकाल पा रहे। हाईवे से निकलने वाली कारें, लोडिंग टेंपो, ऑटो इन्हीं कालोनियों की तंग गलियों से निकल रहे हैं। क्षेत्रीय लोगों ने पुलिस से ट्रैफिक जाम से बचाने के उपाय करने और कॉलोनियों में हाइट बैरियर लगाकर चार पहिया वाहनों को रोकने की मांग की है।
दो पहिया भी नहीं निकाल पा रहे
सर्विस लेन के जाम से बचने के लिए लोग खंदारी से गैलाना होते हुए कॉलोनियों की सकरी गलियों से निकल रहे हैं। कारें, टेंपो निकलने से जाम लग रहा है। हाल ये है कि घर से अपनी साइकिल, स्कूटर तक नहीं निकाल पा रहे। - मुकेश यादव, पूर्व पार्षद, गैलाना
ट्रैफिक पुलिस तैनात की जाए
जाम से निपटने के लिए ट्रैफिक पुलिस तैनात की जाए। हमने नई सड़कें बनवाई थीं, लेकिन गलियों में कारें, लोडिंग टेंपो निकल रहे हैं जो नालियों, सड़कों को तोड़ रहे हैं। बच्चों का गलियों में निकलना बंद हो गया। - विकलेश यादव, पार्षद
घर के बाहर ही जाम से परेशान
सुबह 10 बजे ऑफिस जाने से पहले निकलती हूं तो घर के बाहर स्कूटी निकालने में जाम से जूझना पड़ता है। पुलिस यहां से भारी वाहनों का निकलवाना रुकवाये। स्कूल खुलेंगे तो बच्चे साइकिल कैसे निकाल सकेंगे। - श्वेता सिंह, ककरैठा