जेल के बाहर खड़ी विधायक की बेटी व समर्थक
- फोटो : अमर उजाला
आगरा की केंद्रीय जेल में बंद विधायक विजय मिश्रा भदोही के ज्ञानपुर विधानसभा क्षेत्र से पांचवीं बार चुनाव लड़ेंगे। वह निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में पर्चा भरेंगे। मंगलवार को उनका नामांकन पत्र भरवाने की प्रक्रिया को पूरा करने के लिए बेटी रीमा सहित अन्य लोग केंद्रीय जेल पहुंचे। जेल प्रशासन के मुताबिक, प्रस्तावकों में श्याम नारायण प्रजापति, नंदलाल यादव, ब्रह्मदेव शर्मा, सुशील कुमार बिंद, लालमणि यादव आदि थे।
विजय मिश्रा की बेटी रीमा पांडेय एडवोकेट ने बताया कि वह सोमवार की देर रात को आगरा के लिए निकल लिए थे। 20 प्रस्तावक, दो अधिवक्ता, एक नोटरी कर्ता और एक कैमरामैन सुबह 9 बजे आ गए थे। लगभग 12 बजे नामांकन की प्रक्रिया पूरी करने के लिए सेंट्रल जेल में दाखिल हुए।
विधायक ने कोर्ट से मांगी थी अनुमति
विजय मिश्रा की ओर से अधिवक्ता हंसाराम ने अदालत में प्रार्थना पत्र देकर नामांकन करने की अनुमति मांगी थी। अदालत ने आवेदन को स्वीकार करते हुए वरिष्ठ अधीक्षक केंद्रीय कारागार आगरा को आदेश दिया है कि वह जेल मैनुअल व भारत निर्वाचन आयोग की ओर से जारी दिशा निर्देशों के तहत आवेदक के नामांकन की औपचारिकता पूर्ण कराना सुनिश्चित करें।