लोकसभा चुनाव 2024 में मैनपुरी सीट पर सभी की नजर है। ये इसलिए भी क्योंकि माना जाता है कि इस लोकसभा सीट से ही समाजवादी पार्टी का उदय हुआ। अमर उजाला का चुनावी रथ 'सत्ता का संग्राम' शुक्रवार दोपहर शहर के रजनीश कॉन्वेंट इंटर कॉलेज पर पहुंचा। यहां युवाओं से बात की तो उन्होंने रोजगार, स्वास्थ्य आदि के मुद्दों पर अपनी राय रखी।
पेपर लीक बड़ी समस्या
अल्फिट ने कहा कि विद्यार्थी इतनी मेहनत करते हैं, लेकिन पेपर लीक होने से उनकी सारी मेहनत बर्बाद हो जाती है। मार्क ने भी पेपर लीक की ही सबसे बड़ी समस्या बताई। प्रवीन कुमार ने बताया कि पेपर लीक नहीं होना चाहिए। हाल में पुलिस भर्ती का जो पेपर दिया, वो लीक हो गया। तीन साल से तैयारी कर रहे थे। अब जून में फिर से पेपर होना है।
रोजगार के लिए काम करे सरकार
अभय प्रताप सिंह राठौर ने बताया कि सरकार को ऐसी योजनाएं लानी चाहिए, जिससे रोजगार के अवसर बढ़ सकें। वहीं प्रवीन कुमार ने बताया कि मेरे गांव में सड़कों की हालत खराब है।
पैसा भी बर्बाद हो रहा है और मेहनत भी
सुनीता वर्मा ने बताया कि पैसा भी बर्बाद हो रहा है और मेहनत भी। छात्रा ने बताया कि मुख्य सेविका के लिए एक साल तक तैयारी की थी, लेकिन अब मामला कोर्ट में पहुंच गया है। छात्रा अंशिका ने बताया कि पहली बात तो युवा पीढ़ी को आगे बढ़ाने के लिए सोच रखनी चाहिए। ग्रामीण क्षेत्र में अभी भी सड़क और बिजली की व्यवस्थाएं सही नहीं हैं।