आगरा एक बार फिर क्रिकेट के रंग में रंगने जा रही है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) की ओर से 23 और 24 मई को आगरा के जीआईसी (गवर्नमेंट इंटर कॉलेज) मैदान, पंचकुइयां में आईपीएल फैन पार्क का आयोजन किया जाएगा। यहां क्रिकेट प्रेमियों को बिल्कुल स्टेडियम जैसा माहौल मिलेगा, जहां बड़ी एलईडी स्क्रीन पर लाइव मुकाबलों का प्रसारण होगा और हजारों फैंस एक साथ मैच का रोमांच महसूस करेंगे। बीसीसीआई की इस पहल का उद्देश्य उन शहरों तक आईपीएल का रोमांच पहुंचाना है, जहां मैचों की मेजबानी नहीं होती।
फैन पार्क में सिर्फ लाइव मैच ही नहीं, बल्कि मनोरंजन का पूरा पैकेज देखने को मिलेगा। आयोजकों के अनुसार यहां विशाल एलईडी स्क्रीन, हाई क्वालिटी साउंड सिस्टम, लाइव म्यूजिक, फूड कोर्ट और बच्चों के लिए विशेष गेम जोन भी तैयार किए जाएंगे। क्रिकेट फैंस वर्चुअल बैटिंग, बॉलिंग नेट, फेस पेंटिंग और 360 डिग्री फोटो बूथ जैसी गतिविधियों का भी आनंद ले सकेंगे।
बिना टिकट मिलेगा आईपीएल का मजा
सबसे खास बात यह है कि आईपीएल फैन पार्क में प्रवेश पूरी तरह निशुल्क रहेगा। यानी क्रिकेट प्रेमी बिना टिकट के स्टेडियम जैसा माहौल महसूस कर सकेंगे। शाम होते ही जीआईसी मैदान में आईपीएल के चौके-छक्कों पर शोर गूंजेगा और फैंस अपनी पसंदीदा टीमों को सपोर्ट करते नजर आएंगे।
युवाओं में और बढ़ेगा उत्साह
आईपीएल फैन पार्क आगरा के क्रिकेट प्रेमियों के लिए बड़ी सौगात है। जिन लोगों को स्टेडियम जाकर मैच देखने का मौका नहीं मिल पाता, वे यहां परिवार और दोस्तों के साथ बिल्कुल वैसा ही रोमांच महसूस कर सकेंगे। इससे युवाओं में क्रिकेट के प्रति और अधिक उत्साह बढ़ेगा ।
सुनील जोशन, अध्यक्ष, डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन आगरा।