बेवर में चेकिंग अभियान के तहत कार्यवाही करते विद्युत अधिकारी
- फोटो : MAINPURI
मैनपुरी/घिरोर। दस हजार से अधिक के बकाएदारों पर बिजली विभाग ने शनिवार को शिकंजा कस दिया। सामूहिक अभियान के तहत 61 टीमों ने जिलेभर में अभियान चलाकर 2.12 करोड़ के बकाए पर 660 कनेक्शन काटे हैं। वहीं, 120 लोगों के खिलाफ बिजली चोरी की रिपोर्ट लिखाई गई है। बकाया बिजली बिल के उपभोक्ताओं से 41 लाख रुपये वसूल किए गए हैं।
अधिशासी अभियंताओं के नेतृत्व में बनाई गई टीमें सुबह आठ बजे से शाम पांच बजे तक शहर और देहात में बनाई गई सूची के आधार पर कनेक्शन काटने के अभियान में जुटी रहीं। टीमों की ओर से की गई कार्रवाई की मॉनीटरिंग अधीक्षण अभियंता रवि अग्रवाल ने स्वयं की। उधर, घिरोर में एसडीओ मुन्नीलाल के निर्देशन मेें जेई अस्लमुद्दीन, हरीश सोनी, जेई राजवीर सिंह ने पांच लाख के बकाए पर 84 कनेक्शन काट दिए।
सौरभ कुमार, भूपेंद्र सिंह, रिंकू मौजूद रहे। उधर, बेवर में टीमों ने 58 उपभोक्ताओं के कनेक्शन काटे। 19 उपभोक्ताओं द्वारा पौने तीन लाख रुपया जमा किया गया। एसडीओ रविप्रकाश, जेई रजनीकांत राय ने अभियान चलाया।
बकाएदारों के खिलाफ महाभियान चल रहा है। बकाया बिजली बिल जमा नहीं करने वाले उपभोक्ताओं के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई जा रही है।
-रवि अग्रवाल, अधीक्षण अभियंता