थाना नौहझील क्षेत्र में माइल स्टोन 73.700 के पास ये हादसा हुआ। दर्दनाक हादसे में मां और मासूम बेटी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पति ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
यमुना एक्सप्रेसवे पर गांव बुलाकपुर (माइल स्टोन-73) के पास बुधवार दोपहर इनोवा की टक्कर से बाइक सवार दंपती और बेटी की मौत हो गई। बाइक सवार दंपती बुलंदशहर से बहन के ससुर की तेरहवीं में सुरीर आ रहे थे। नौहझील पुलिस ने शवों को कब्जे में लिया। पुलिस ने इनोवा सवारों को पकड़ लिया और गाड़ी कब्जे में ली है।
विज्ञापन
बुलंदशहर के गांव वैर निवासी अरुण भाटी (38) पुत्र कृपाल सिंह पत्नी कुसुम देवी (32) और बेटी ज्योति उर्फ गुनगुन (8) के साथ बुधवार को सुरीर के गांव राजागढ़ी में बहन के ससुर की तेरहवीं में शामिल होने के लिए एक्सप्रेसवे होकर आ रहे थे। बाइक सवार दंपती और बेटी दोपहर 12:20 बजे थाना नौहझील के गांव बुलाकपुर (माइल स्टोन-73) के पास पहुंचे ही थे कि पीछे से इनोवा की टक्कर से मां और बेटी की मौके पर मौत हो गई, जबकि पिता गंभीर रूप से घायल हो गया।
नौहझील पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर घायल को अस्पताल भिजवाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने अरुण को भी मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने इनोवा को कब्जे में लेकर मार्ग को सुचारु कराया। मृतक के भाई विनोद भाटी ने इनोवा चालक के खिलाफ थाना नौहझील में तहरीर दी है। एसपी देहात श्रीशचंद ने बताया कि हादसे में तीन की मौत हुई है। आरोपी चालक व इनोवा को कब्जे में ले लिया गया है। मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।