मैनपुरी। कोतवाली क्षेत्र में नगला भंत के पास शनिवार की शाम ट्रक की चपेट में आकर बाइक सवार युवक व महिला गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को इलाज के लिए आगरा ले जाया गया। यहां युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई।
कोतवाली क्षेत्र के बिछिया रोड भदावर हाउस के पास निवास कर रहे 25 वर्षीय अमित कुमार शनिवार की शाम बहन के घर मदहन से वापस घर लौट रहे थे। बाइक पर उनके साथ मामी रेखा भी बैठी हुईं थीं। बाइक जब कोतवाली क्षेत्र में गांव नगला भंत के पास पहुंची, तभी मार्ग से गुजर रहे ट्रक ने बाइक सवारों को टक्कर मार दी। हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ एकत्र हो गई। पीछे से दूसरी बाइक पर अमित का भाई सुमित और मां मीरादेवी भी आ रहे थे।
हादसा देख दोनों रुक गए। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां से आगरा एसएन मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। आगरा में इलाज के दौरान अमित की मौत हो गई। जिसके बाद परिजन शव को घर ले आए। सूचना मिलने के बाद पहुंची पुलिस ने देररात शव मोर्चरी में रखवाया। रविवार को पोस्टमार्टम कराने के बाद शव अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया।