कासगंज। आधी आबादी को हर क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने की कोशिश की जा रही है। परिचालन के क्षेत्र में भी अब महिलाओं को आगे बढ़ाया जा रहा है। वाहन चलाना सीखने पर महिलाओं को फीस में 25 प्रतिशत तक की छूट मिलेगी। परिवहन विभाग ने इस संबंध में ट्रेनिंग स्कूल संचालकों को निर्देश जारी कर दिए हैं।
परिचालन के क्षेत्र में महिलाओं की रुचि कम रहती है। परिवहन विभाग महिलाओं को परिचालन के क्षेत्र में आगे बढ़ाने की पहल कर रहा है। वाहन चलाना सीखने पर ट्रेनिंग स्कूलों में महिलाओं को फीस में 25 प्रतिशत तक की छूट मिलेगी। यदि महिलाएं वाहन का प्रदूषण प्रमाण पत्र बनवाती हैं तब भी 25 प्रतिशत तक की छूट रहेगी। एआरटीओ राजेश राजपूत ने बताया कि महिलाओं, बालिकाओं को आत्मनिर्भर बनाने एवं सुरक्षा सम्मान के प्रति जागरूक करने के लिए 31 दिसंबर को मिशन शक्ति कार्यक्रम के तहत आयोजन होना है। इससे पहले महिलाओं को परिचालन के क्षेत्र में आगे बढ़ाया जा रहा है। ड्राइविंग ट्रेनिंग स्कूल संचालकों और प्रदूषण जांच केंद्रों के संचालकों को निर्देश दिए हैं कि वे 25 प्रतिशत तक की छूट फीस में दें। इस कार्य में कोई लापरवाही न बरतें। एआरटीओ ने बताया कि जिले में 6 ड्राइविंग ट्रेनिंग स्कूल और 5 प्रदूषण जांच केंद्र हैं।