आगरा में इंडियन मेडिकल एसोसिएशन जनहित में नई पहल करने जा रहा है। शहर के तोता के ताल स्थित आईएमए भवन में चैरिटेबल क्लीनिक की शुरुआत एक फरवरी से होगी। इसमें 10 रुपये के पर्चे पर मरीज देखे जाएंगे।
क्लीनिक सोमवार से शनिवार तक तीन घंटे तक चलेगा। इसका समय सुबह साढ़े 10 से दोपहर डेढ़ बजे तक रहेगा। आईएमए के करीब 1200 सदस्य हैं, इनमें से चैरिटी करने वाले चिकित्सक रोस्टर प्लान के तहत मरीज देखेंगे। यहां बीमारियों की जांच भी रियायती दर पर कराई जाएगी।
फिलहाल फिजीशियन मरीजों को देखेंगे, इसके बाद बाल रोग, स्त्री रोग, हृदय, किडनी समेत अन्य विशेषज्ञ भी ओपीडी करेंगे। आईएमए अध्यक्ष डॉ. आरएम पचौरी ने बताया कि जरूरतमंद मरीजों के इलाज के लिए यह सुविधा शुरू की जा रही है।
शुरुआत में अभी फिजीशियन मरीजों को देखेंगे। इसके बाद विभिन्न बीमारियों के विशेषज्ञ अपनी सेवाएं देंगे। इसके लिए सदस्यों से संपर्क किया गया है। मीडिया प्रभारी डॉ. पंकज नगायच ने बताया कि एक फरवरी को इसका उद्घाटन किया जाएगा।