थाने पर पहुंचे वन विभाग के कर्मचारी
- फोटो : अमर उजाला
आगरा के भरापुर क्षेत्र में वन विभाग की भूमि पर अवैध खनन की सूचना पर पहुंची वन विभाग की टीम ने मिट्टी से भरी ट्रैक्टर ट्रॉली पकड़ी। इस पर खननकर्ताओं ने टीम पर हमला कर दिया। मारपीट कर ट्रैक्टर ट्रॉली छुड़ा ले गए। हमले में तीन वनकर्मी घायल हैं। फतेहाबाद थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया है।
उप क्षेत्रीय वन अधिकारी महेंद्र सिंह ने बताया कि फतेहाबाद के वन ब्लॉक भरापुर में वन विभाग की टीम रविवार सुबह गश्त कर रही थी। जंगल में टीलों को तोड़कर मिट्टी के अवैध खनन की सूचना पर टीम मौके पर पहुंची। दो ट्रैक्टर ट्रॉली लेकर कुछ लोग भाग निकले। एक ट्रैक्टर ट्रॉली को टीम ने जब्त किया तो खनन करने वाले अन्य लोग वनकर्मियों से भिड़ गए। उनके साथ मारपीट की। हमले में वनरक्षक प्रताप सिंह, पवन यादव और चालक दुशासन सिंह को चोटें आईं। खनन करने वाले ट्रैक्टर ट्राली छुड़ा ले गए। वन रक्षक पवन कुमार की तहररी पर फतेहाबाद थाने में अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। घायल वनकर्मियों का पुलिस ने मेडिकल परीक्षण कराया है।
आगरा: 200 रुपये का पेट्रोल भरवाया.. टंकी में पहुंचा सिर्फ 90 रुपये का, युवक ने ऐसे पकड़ी घटतौली