मैनपुरी। झोलाछाप के इंजेक्शन से महिला की मौत के बाद स्वास्थ्य विभाग की नींद खुल गई। बुधवार को सीएमओ के नेतृत्व में गांव लेखराजपुर पहुंची टीम ने झोलाछाप का क्लीनिक और दो पैथोलॉजी सील कर दीं। इस कार्रवाई से झोलाछापों में खलबली मच गई है।
मंगलवार को कुर्रा थाना क्षेत्र के गांव चंदपुर निवासी रोशनी देवी की मौत हो गई थी। मृतका के पति शीलेंद्र कुमार ने लेखराजपुर के झोलाछाप लक्ष्मण कुमार पर गलत इंजेक्शन लगाने के चलते पत्नी की मौत होने का आरोप लगाया था। इसी के चलते बुधवार को सीएमओ डॉ. पीपी सिंह टीम के साथ लेखराजपुर पहुंचे। टीम को देखकर झोलाछाप फरार हो गया। टीम ने गांव में संचालित झोलाछाप का अवैध क्लीनिक सील कर दिया है। इसके साथ ही गांव में संचालित श्याम पैथोलॉजी और डॉ. बंगाली पैथोलॉजी को भी सील कर दिया। टीम की इस कार्रवाई आसपास के झोलाछापों में खलबली मच गई। टीम में डॉ. आरपी सिंह और रवींद्र सिंह गौर शामिल रहे।