कासगंज गंजडुंडवारा के न्यौली फतुआबाद में मतदान केंद्र का निरीक्षण करते डीएम, एसपी
- फोटो : KASGANJ
कासगंज। डीएम सीपी सिंह एवं एसपी कुंवर अनुपम सिंह ने सोमवार को मतदान की व्यवस्थाओं का भ्रमण करके जायजा लिया। जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट कहा कि मतदान प्रक्रिया के दौरान गड़बड़ी करने वालों से प्रशासन और पुलिस सख्ती से निपटेगी। गड़बड़ी करने वाले जेल जाएंगे। सभी मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। सीसीटीवी लगाए गए हैं और पुलिसबल की पर्याप्त तैनाती की गई है।
डीएम और एसपी ने जिले के कासगंज, सहावर, गंजडुंडवारा सहित कई इलाकों में पहुंचकर मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। मतदान के बाद मतपेटिकाएं रखने वाले स्ट्रांग रूम की व्यवस्थाएं देखीं। जिलाधिकारी ने सभी जोनल मजिस्ट्रेट, सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं मतदान अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे पूरी निष्पक्षता के साथ मतदान संपन्न कराएं। मतदाता निर्भीक होकर वोट डालें और निष्पक्ष मतदान में सहयोग करें। उन्होंने कहा कि पीठासीन अधिकारी अपनी डायरी में दो घंटे बाद मतदान की स्थिति अंकित करें। कोरोना की गाइडलाइन का पूरी तरह से पालन किया जाए। जिलाधिकारी ने मतदान केंद्रों पर मतदाताओं के लिए गोले बनाए जाने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पोलिंग पार्टियों से बातचीत की। डीएम और एसपी ने सभी थाना प्रभारियों को भी निर्देशित किया है कि वे मतदान की स्थिति पर कड़ी नजर रखें। यदि कोई भी किसी तरह की गड़बड़ी करने की कोशिश करता है तो सख्ती से कार्रवाई की जाएगी। मतदातन में किसी तरह का व्यवधान होने पर तत्काल कंट्रोल रूम और उन्हें सूचित करें।
वर्जन-
- जिले में शांतिपूर्वक मतदान के लिए कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है। संवेदनशील, अतिसंवेदनशील बूथ हैं वहां अतिरिक्त सुरक्षा की गई है। मतदाताओं से अपील की जाती है कि वह शांतिपूर्वक मतदान करके जिम्मेदार नागरिक की भूमिका निभाएं। मतदान प्रक्रिया में सहयोग करें। - सीपी सिंह, डीएम।