गांव सौंज में आरोपियों द्वारा जलाई गई कार व मौके पर मौजूद पुलिसबल।
- फोटो : MAINPURI
कटरा समान। थाना कुर्रा क्षेत्र में गांव सौंज के पास एक दवा व्यवसायी की कार से एक बच्ची टकरा गई। इससे गुस्साए भाई व परिजनों ने कार सवारों को पीटना शुरू कर दिया। पेट्रोल डालकर कार को आग लगा दी। सूचना पर पहुुंचे दमकलकर्मियों ने आग को बुझाया। कार में करीब डेढ़ लाख की नकदी व जेवर जल गए। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।
किशनी क्षेत्र के कटरा समान चौराहा के पास राघवेंद्र वर्मा दवा का व्यवसाय करते हैं। रविवार की शाम वह आल्टो कार से भतीजी की गोद भराई में जा रहे थे। पीड़ित के अनुसार कार जब थाना कुर्रा क्षेत्र में गांव सौंज के पास रामशंकर नाई की दुकान के सामने पहुंची, तभी रामशंकर की पांच वर्षीय नातिन भागते हुए सड़क पार करने लगी। अचानक बच्ची को सामने देख राघवेंद्र ने कार के ब्रेक लगा दिए। कार से हल्का सा टकराने के बाद बच्ची उठकर दुकान में चली गई।
तभी वहां आए रामशंकर के पुत्र शिवकुमार व उसके परिजनों ने कार सवारों से गाली गलौज करते हुए राघवेंद्र, उनकी पुत्री व चाचा से हाथापाई करना शुरू कर दिया। कार में तोड़फ़ोड़ करते हुए शिवकुमार परचून की दुकान में रखी पेट्रोल लाकर कार पर डाल कर आग के हवाले कर दिया। सूचना मिलने के यूपी 112 के कर्मी मौके पर आ गए। दमकल कर्मियों ने जब तक आग को बुझाया, कार में रखी करीब डेढ़ लाख की नकदी व जेवर जल चुके थे। प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो सूचना दिए जाने के कुछ देर बाद ही यूपी 112 के पुलिसकर्मी मौके पर आ गए थे। उनके सामने आरोपी कार में आग लगा रहा था। पुलिस अब आरोपी व उसके परिजनों की तलाश में दबिश दे रही है।