आगरा के शिल्पग्राम में सजी हुनर हाट का बृहस्पतिवार को केंद्रीय अल्पसंख्यक मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी और सूबे के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने केंद्रीय राज्यमंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल की मौजूदगी में उद्घाटन किया। उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि इस हाट में एक छत के नीचे पूरा देश सिमट गया है। देशभर की कला और संस्कृति का संगम असाधारण काम है। नकवी ने कहा कि विलुप्त होती कलाओं को हाट से नई पहचान मिलेगी। 29 मई तक सजने वाली हाट में 32 राज्यों के 800 से अधिक दस्तकार व कारीगरों ने 300 से अधिक स्टॉल लगाए गए हैं।
शिल्पग्राम में सजी हुनर हाट के उद्घाटन के बाद अपने संबोधन में उपमुख्यमंत्री ने कहा कि हुनर हाट में देश के कोने-कोने से आए शानदार स्वदेशी उत्पाद हैं। पारंपरिक पकवान हैं। यह सराहनीय पहल है। मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा कि आत्मनिर्भर भारत के लिए स्वदेशी को प्रोत्साहन दिया जा रहा है। यहां श्रेष्ठ भारत की झलक दिखाई देती है। हुनर हाट से पिछले छह वर्षों में समाज के सभी वर्गों के 10.50 लाख दस्तकारों, शिल्पकारों को रोजगार मिला है।
केंद्रीय विधि एवं न्याय राज्यमंत्री एसपी सिंह बघेल ने कहा कि हुनर हाट से लोक कला, लोक संस्कृति, लोक भाषा, लोक भोजन को मंच मिला है। इस दौरान कैबिनेट मंत्री बेबीरानी मौर्य, राज्यसभा सांसद हरिद्वार दुबे, मेयर नवीन जैन, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. मंजू भदौरिया, विधायक डॉ. जीएस धर्मेश, पुरुषोत्तम खंडेलवाल, पक्षालिका सिंह, चौधरी बाबूलाल, एससी आयोग अध्यक्ष डॉ. रामबाबू हरित आदि मौजूद रहे।
धनुष उठाकर साधा तीर...
उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने शिल्पग्राम में सजी हाट में स्टॉल पर भ्रमण किया। एक स्टॉल पर धनुष उठाकर तीर से निशाना साधा। एक अन्य स्टॉल पर लिट्टी चोखा व अन्य व्यंजन के बारे में पूछा। लकड़ी, बांस, कांच, पत्थर व धातुओं के हस्तशिल्प उत्पादों का अवलोकन किया।
800 से अधिक कारीगर हुए शामिल
हुनर हाट में 32 राज्यों के 800 से अधिक कारीगरों ने मिट्टी, कांच, लकड़ी, बांस, बेंत, पीतल, ताम्बे, रॉट आयरन, चन्दन के हस्तनिर्मित उत्पादों की प्रदर्शनी लगाई है। यहां 29 मई तक जाने-माने कलाकार गीत, संगीत की प्रस्तुतियां होंगी। साथ ही लेजर शो और पारंपरिक खान-पान व लजीज व्यंजनों का लोग लुत्फ उठा सकते हैं।