जिला अस्पताल में दवा काउंटर पर लगी मरीजों व तीमारदारों की लंबी लाइन
- फोटो : MAINPURI
मैनपुरी। दो दिन के अवकाश के बाद मंगलवार को जिला अस्पताल खुला तो मरीजों की भीड़ उमड़ पड़ी। मरीजों को दवा काउंटर पर घंटों तक दवाइयों के लिए जूझना पड़ा। वहीं जिला अस्पताल में भर्ती डायरिया और किडनी में संक्रमण से पीड़ित मरीजों की मौत हो गई।
जिला अस्पताल में 1426 मरीज उपचार के लिए पहुंचे। इनमें से 47 मरीजों को गंभीर हालत देखते हुए भर्ती कराया गया। जिला अस्पताल में इस वर्ष में अब तक सर्वाधिक मरीज पहुंचे। मरीजों की भीड़ के कारण पर्ची काउंटर और दवा काउंटर पर मरीजों व तीमारदारों को घंटों तक लाइन में लगना पड़ा।
दोपहर दो बजे तक दवा काउंटर पर मरीजों की लंबी लाइन समाप्त नहीं हुई। दो बजे अस्पताल बंद हो गया, लेकिन मरीजों को 2:30 बजे तक दवा वितरित करनी पड़ी। एलाऊ थाना क्षेत्र के गांव सुगांव निवासी 60 वर्षीय हरिशंकर को पिछले कुछ दिनों से पेटदर्द और उल्टी दस्ती की शिकायत थी।
परिजनों ने उन्हें सोमवार को जिला अस्पताल में भर्ती कराया था। यहां उपचार के दौरान मंगलवार को उनकी मौत हो गई। कोतवाली थाना क्षेत्र के गांव इटौरा निवासी प्रताप सिंह को किडनी में संक्रमण की दिक्कत होने पर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। यहां उपचार के दौरान मंगलवार को उनकी मौत हो गई।
बरसात के मौसम में अचानक संक्रामक बीमारियां बढ़ चली हैं। ऐसे में खानपान के साथ शारीरिक सुरक्षा पर विशेष ध्यान दें। बरसात में तली चीजों का सेवन न करें। खुले में न लेटें। मच्छरों आदि से बचाव करें। साफ पानी पिएं। जरा भी दिक्कत आने पर तुरंत विशेषज्ञ डॉक्टर से उपचार लें। -डॉ. एके पांडेय, सीएओ