मैनपुरी। शहर में बिजली की लाइन बिछाते समय लोगों की सुरक्षा का ध्यान नहीं रखा गया है। स्थिति यह है कि कई जगह हाईटेंशन लाइनें सड़कों को क्रॉस कर रही हैं। इन स्थानों पर विद्युत निगम की ओर से गार्डिंग नहीं कराई गई है। तार टूटने की स्थिति में बड़ा हादसा होने की संभावना हर समय बनी रहती है। वहीं शहर में कई जगह बिजली के तार झूल रहे हैं।
------
केस नंबर-एक
स्थान- सिरसागंज रोड
मार्ग पर नगला दौलत से बदनपुर तक 11 स्थानों पर बिजली की हाईटेंशन लाइन के तार गुजर रहे हैं। हाल ही में सड़क का चौड़ीकरण हुआ है, जिससे यह मार्ग करीब डेढ़ फुट ऊंचा हो गया है। मार्ग पर 11 स्थानों पर जर्जर तार बिना गार्डिंग के झूल रहे हैं। जबकि इस मार्ग पर कई धान मिल, मूंगलफली केंद्र, और कोल्ड स्टोर है। स्कूली बसों का इस मार्ग पर आना-जाना रहता है।
-----
केस नंबर-दो
स्थान-पीपरा घाट रोड
यह मार्ग सीधा कलक्ट्रेेट तक जाता है। इस पर बिजली घर और डिग्री कालेज हैं। इसके बाद भी यहां एक ओर से दूसरी ओर खींचे गए तारों के नीचे गार्डिंग नहीं लगाया गया है। यदि समय रहते यहां तारों के नीचे गार्डिंग नहीं लगाई गई तो बड़ा हादसा हो सकता है। यहां पूर्व में एक बार तार टूट चुका है, जिससे एक जानवर की करंट की चपेट में आने से मौत हो गई थी।
-----
केस नंबर- तीन
स्थान- बिछिया रोड
रेलवे माल गोदाम के प्लेटफार्म के लिए जाने वाले मार्ग पर कई स्थानों पर सड़क के एक से दूसरी ओर हाईटेंशन लाइन निकल रही है। प्रतिदिन यहां से रेलवे माल गोदाम के प्लेटफार्म के लिए ट्रकों का आना-जाना रहता है। स्कूली बसें भी निकलती हैं। इसी रास्ते से प्रसिद्ध भैरोंबाबा मंदिर में भक्त नेजा चढ़ाने जाते हैं। बिना गार्डिंग के झूलते तारों से हादसा हो सकता है।
---
सड़क के बीचो-बीच मिलों के पास बिना गार्डिंग के जर्जर तार झूल रहे हैं। सड़क करीब डेढ़ फुट ऊंची होने से खंभो छोटे रह गए हैं। इन्हें बदलते हुए लाइन को ऊंचा कराया जाए। गार्डिंग की व्यवस्था हो।
शुभम शक्ति भदौरिया, सिरसागंज रोड
-------
सड़क के बीचो बीच झूलते तारों को लेकर कई बार विद्युत निगम को लिखित में शिकायत की गई, लेकिन इस ओर किसी भी अधिकारी ने ध्यान नहीं दिया, इसके कारण कभी भी हादसा हो सकता है।
संजय कुमार निवासी मदार दरवाजा
-----
मार्ग पर झूलते तार ट्रक आदि पर लदे सामान में उलझ जाते हैं, इससे फाल्ट हो जाता है। कई बार विद्युुत निगम के अधिकारियों से शिकायत की गई। लेकिन उनके द्वारा कोई ध्यान नहीं दिया गया।
राजेश कुमार, बिछिया रोड
----
नई लाइनों में गार्डिंग की व्यवस्था की जाती है। पुरानी लाइनों में जहां गार्डिंग की जरूरत है वहां बजट की उपलब्धता के अनुसार कार्य कराया जाएगा। ढीले तारों को टाइट कराया जाएगा।
-अतुल अग्रवाल, अधीक्षण अभियंता