चेतावनी बोर्ड को अनदेखा कर गुजरते भारी वाहन
- फोटो : अमर उजाला
आगरा के ईदगाह पुल पर लगाया गया लोक निर्माण विभाग का चेतावनी बोर्ड बेअसर साबित हो रहा है। इस पर लिखा है कि पुल कमजोर हो गया है, भारी वाहन न गुजरें। अधिकारियों ने भारी वाहनों को रोकने के लिए न बैरियर लगाए, न पुलिस तैनात कराई।
पुल के निचले हिस्से में कई जगह सीमेंट उखड़ा हुआ है। कई दफा पत्थर गिरते हैं। पुल के निचले हिस्से में कई स्थानों पर दरारें भी साफ दिखाई दे रही हैं। प्रशासन की अनदेखी कभी भी बड़े हादसे का सबब बन सकती है।
आगरा कैंट स्टेशन और ईदगाह बस स्टैंड के नजदीक ईदगाह रोड को सराय ख्वाजा से जोड़ने वाले ईदगाह रेल ओवरब्रिज का निर्माण करीब 40 साल पहले करवाया गया था। इस पुल पर रोजाना 20 हजार से ज्यादा हल्के और भारी वाहनों का आवागमन होता है।