हृदय रोगी ठंड में बरतें सावधानी, जिले में नहीं इलाज की सुविधा
कासगंज। ठंड का मौसम शुरू हो चुका है। यह मौसम हृदय रोगियों के लिए खतरनाक माना जाता है। ऐसे में अतिरिक्त सावधानी बरतने की जरूरत है। जरा सी लापरवाही उनके लिए मुसीबत खड़ी कर सकती है। वहीं स्वास्थ्य विभाग आज तक जिले में कार्डियालॉजी अनुभाग नहीं बना सका है।
जनपद को गठित हुए 13 साल से अधिक का समय हो चुका है, लेकिन आज तक कार्डियोलॉजी अनुभाग का गठन नहीं हुआ है। इससे जिले को न तो चिकित्सक ही मिला और न हीं जांच के लिए आधुनिक मशीनें। ऐसे में जरा सी लापरवाही हृदय रोगियों के लिए जानलेवा बन सकती है। जांच व इलाज की सुविधा न होने से हृदय रोगियों को बाहरी जनपदों पर निर्भर रहता पड़ता है।
ईसीजी मशीन बनी शोपीस
जिला अस्पताल में हृदय की जांच के लिए मात्र ईसीजी की मशीन की ही व्यवस्था है, लेकिन यह मशीन भी शोपीस बनी हुई है। चिकित्सक, टेक्नीशियन आदि न होने से लोगों की जांच तक नहीं हो पाती।
शिक्षिका ने रात में तोड़ दिया दम
शहर की गली चोला निवासी निजी स्कूल की शिक्षिका गीता चोला(56) वर्ष को रात में हार्ट अटैक आ गया। परिजन जब तक कुछ समझ पाते उनकी मौत हो गई।
ये लक्षण दिखें तो न बरतें लापरवाही
गले या जबड़े में दर्द, चक्कर आना, बांह में दर्द, पेट में दर्द, जी मिचलाना, सीने में जलन, थकान, अचानक पसीना आना, सिर घूमना, सांस लेने में दिक्कत।
यह बरतें सावधानी
सर्दी से बचकर रहें, नमक का सेवन कम करें, वसा युक्त भोजन करने से परहेज करें। सिगरेट शराब का सेवन न करें। भरपूर नींद लें, धूप में अवश्य बैठें, ठंड में सुबह जल्दी टहलने न जाएं, नियमित परीक्षण कराएं।
-----------------
शासन से नहीं किया गठन
ठंड के मौसम में हृदय रोगियों के लिए खतरा बढ़ जाता है। इसलिए हृदयरोगियों के लिए इस मौसम में विशेष सावधानी बरतनें की आवश्यकता होती है। शासन से जिले के लिए अभी तक कार्डियोलॉजी अनुभाग का गठन नहीं किया गया है। -डॉ. अनिल कुमार, सीएमओ