फोटो 8 जिला अस्पताल में भर्ती मरीज। संवाद
मैनपुरी। महाराजा तेज सिंह जिला अस्पताल में मरीजों की संख्या कम होने का नाम नहीं ले रही है। बुधवार को जिला अस्पताल में भर्ती युवक सहित तीन मरीजों ने दम तोड़ दिया। इनमें एक हृदय रोग और दो सांस के रोग से ग्रसित थे।
मौसम में सर्दी के बढ़ते प्रकोप के साथ ही जिले में अस्थमा और हार्ट के मरीजों की दिक्कतें बढ़ने लगी हैं। महाराजा तेज सिंह जिला अस्पताल की इमरजेंसी में बुधवार को अस्थमा के मरीजों की भीड़ देखी गई। यहां 28 मरीजों को सांस लेने में दिक्कत के चलते भर्ती कराया गया। सात मरीजों को हालत बिगड़ने पर मेडिकल कॉलेज सैफई के लिए रेफर किया गया। गांव ब्योंतीखुर्द निवासी खेम सिंह (45) को सीने में दर्द के साथ अचानक सांस लेने में दिक्कत हुई। परिजन उन्हें गंभीर हालत में जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
शहर के मोहल्ला सिविल लाइन निवासी सूरजमुखी (62) को पिछले कुछ दिनों से सांस लेने में दिक्कत हो रही थी। परिजन उनका एक निजी डॉक्टर के यहां उपचार करा रहे थे। हालत बिगड़ने पर परिजन बुधवार को उन्हें लेकर जिला अस्पताल पहुंचे यहां डॉक्टर ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। थाना दन्नाहार क्षेत्र के गांव घिटौली निवासी देवेंद्र सिंह (74) को पिछले कुछ दिनों से सांस लेने में दिक्कत हो रही थी। परिजन सोमवार को उन्हें लेकर जिला अस्पताल पहुंचे, यहां डॉक्टर ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। सीएमएस डॉ.संजय कुमार गुप्ता का कहना था कि दो मरीजों को मृत अवस्था में लाया गया था, जबकि एक को गंभीर हालत में भर्ती कराया गया था उपचार के कुछ समय में ही उनकी मौत हो गई।
इन बातों का रखें ध्यान
अस्थमा के मरीज अपनी दवा का प्रबंध रखें
- सुबह-शाम टहलना बंद करें
- धूल-मिट़्टी के साथ धुआं से दूरी बनाएं
- बिना डॉक्टर की राय के दवा का सेवन नहीं करें
- झोलाछाप से उपचार लेने से बचें