कासगंज के सोरों जी में हरिकी पौडी प्रदूषित जल ।
- फोटो : KASGANJ
सोरोंजी। आदि तीर्थस्थल हरि की पौड़ी का जल दूषित हो जाने से श्रद्धालुओं की भावनाएं आहत हो रही हैं। ब्राह्मण कल्याण सभा ने एडीएम को ज्ञापन देकर हरि की पौड़ी के दूषित जल का परिवर्तन कराकर नए जल आपूर्ति की मांग की है।
हरि की पौड़ी में गंगा नहर से बंबा द्वारा जल की आपूर्ति की जाती है। बीते एक माह से भी अधिक समय से नहर में पानी न आने से हरिपदी में जल की आपूर्ति नहीं हो पाई है। जिसके कारण हरि की पौड़ी में जल की कमी हो गई है। हालांकि पालिका प्रशासन द्वारा नलकूप से हरिपदी में जल आपूर्ति कराई जा रही है, किंतु वह नाकाफी है।
ब्राह्मण कल्याण सभा के जिलाध्यक्ष शरद कुमार पांडेय ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी के निर्देशानुसार मां अन्नपूर्णा यात्रा दिल्ली से चलकर सूकरक्षेत्र में 11 नवंबर को प्रवास करेगी। 12 नवंबर को सुबह अन्नपूर्णा यात्रा के यात्रीगण हरि की पौड़ी में स्नान व हरिपदी की परिक्रमा करेंगे। ऐसे में हरि की पौड़ी में दूषित जल के कारण उनकी भावनाएं आहत होंगी। मां अन्नपूर्णा यात्रा से पूर्व हरि की पौड़ी जल की आपूर्ति आवश्यक है।
ज्ञापन देने वालों में ब्राह्मण कल्याण सभा अध्यक्ष शरद पांडेय, जयशिव निर्भय, अनुपम मिश्र अणु, दीपक निर्भय, गंगा विष्णु, पवन दुबे, शशिधर द्विवेदी रहे।