कासगंज। शहर की एक इस्पात फैक्ट्री में अलीगढ़ की जीएसटी एसआईबी टीम ने छापा मारा। टीम ने फैक्ट्री पर खरीद बिक्री का विवरण देखा। कर अपवंचन मिलने पर साढ़े छह लाख रुपये का तत्काल जमा कराए गए। वहीं लोहे से लदी एक गाड़ी मिली, जिसे जांच के लिए सचल दल की टीम को सौंप दिया गया।
अलीगढ़ से उपायुक्त जीएसटी एसआईबी की टीम पंकज सिंह के नेतृत्व में सुबह करीब 9:30 बजे दाऊजी इस्पात प्राइवेट लिमिटेड फैक्ट्री पहुंची। टीम ने खरीद, बिक्री और अन्य अभिलेखों की जांच की।
जांच में इस्पात फैक्ट्री में कर अपवंचन का मामला मिला। टीम ने 6.5 लाख रुपये कर के रूप में मौके पर ही जमा कराए। वहीं एक गाड़ी में लोहा लदा था, जिसके कोई वैद्य दस्तावेज नहीं मिले। इस पर जांच के लिए गाड़ी को एसआईबी की टीम ने सचल दल को सौंप दी। अब सचल दल की टीम गाड़ी में लदे लोहे की जांच पड़ताल कर कर अपवंचन की स्थिति स्पष्ट करेगी।
- दाऊजी इस्पात प्राइवेट लिमिटेड में अपवंचन की सूचना पर छापा मारा गया। जांच में कर अपवंचन का मामला सामने आने पर 6.5 लाख रुपये का कर मौके पर जमा कराया गया। वहीं लोह से लदी एक गाड़ी सचल दल को जांच के लिए सौंपी गई है। इस गाड़ी पर सचल दल की टीम कर अपवंचन तय करेगी।
- पंकज सिंह, उपायुक्त, जीएसटी, एसआईबी, अलीगढ़।