आगरा के दाऊजी मिष्ठान भंडार की कई शाखाओं पर बृहस्पतिवार को राज्य कर विभाग की विशेष जांच शाखा ने छापा मारा। खरीद-बिक्री में हेरफेर कर फर्म की ओर से बड़ी कर चोरी की आशंका में यह कार्रवाई की गई।
विज्ञापन
विभागीय सूत्रों के अनुसार करीब 30 से ज्यादा कर अधिकारियों ने कमला नगर, नुनिहाई व भगवान टॉकीज स्थित व्यावसायिक परिसरों में एक साथ पहुंचकर खरीद-बिक्री व स्टॉक से जुड़े सभी रिकाॅर्ड अपने कब्जे में लिए। इसके अलावा सभी कंप्यूटर, लैपटॉप व हार्ड डिस्क-पेनड्राइव से भी डाटा अपने पास ट्रांसफर कर उसका विभाग के पास पहले से मौजूद जानकारी से मिलान किया जा रहा है।
देर रात तक अधिकारी जांच में जुटे रहे। विभाग के अधिकारियों ने आधिकारिक रूप से कुछ भी कहने से इन्कार किया। उनका कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही कुछ कहा जा सकता है।