सगाई से कुछ समय पहले ही लड़का पक्ष के लोगों ने बताया कि बेटे का अपहरण हो गया है। वो कहीं मिल नहीं रहा है। ये जानकारी मिलने के बाद लड़की पक्ष के लोगों के पैरों तले जमीन खिसक गई।
आगरा में सगाई में पहुंचने से पहले लड़के का अपहरण कर लिया गया। काफी इंतजार के बाद भी जब लड़का सगाई कार्यक्रम में नहीं आया, तो लड़की पक्ष के लोगों के पसीने छूट गए। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। लड़के की तलाश शुरू की गई, लेकिन उसके बारे में कोई जानकारी नहीं मिल सकी।
विज्ञापन
ये मामला ताजगंज के एकता चौकी क्षेत्र का है। बताया गया है कि दो परिवारों में रिश्ता एक साल पहले हुआ था। सोमवार की रात सगाई होनी थी। सगाई की सभी तैयारियों पूरी हो चुकीं थीं। कार्यक्रम में बस लड़के के आने का इंतजार किया जा रहा था। तभी जानकारी मिली की लड़के का अपहरण हो गया है। ये खबर मिलते ही लड़की पक्ष के पसीने छूट गए।
सूचना पर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। बताया गया है कि लड़की वाले मैनपुरी के भोगांव कस्बा के रहने वाले हैं। जो सगाई वाले दिन ही आगरा आए थे। सगाई का कार्यक्रम एक होटल में रखा गया था। मामले की जानकारी देते हुए एसीपी सदर अर्चना सिंह ने बताया कि जांच की जा रही है। लड़की पक्ष के लोगों का कहना है कि लड़का पक्ष वाले बुलेट मोटर साइकिल और लाखों की नकदी ले चुके हैं। उनका आरोप है कि साजिश के तहत लड़के को गायब कर दिया गया है।