आगरा। दिवाली पर आतिशबाजी के लिए बृहस्पतिवार से 12 स्थानों पर हरित पटाखों के बाजार लगेंगे। 286 दुकानों में से 273 का आवंटन हो सका है। मंगलवार को कलक्ट्रेट में 128 और आवंटियों ने आधार कार्ड, अनुमति पत्र व अन्य दस्तावेज जमा किए। बुधवार से आवंटी हरित पटाखों की बिक्री कर सकेंगे।
हरित पटाखों की बिक्री तीन दिन होगी। बुधवार से शुक्रवार तक। 12 स्थलों पर 286 दुकानों के लिए 429 आवेदन आए थे। जिनमें 273 दुकानों का लॉटरी से आवंटन हुआ है। बेप्टिस्ट व जीआईसी मैदान में 13 दुकानें खाली हैं। इनके लिए किसी ने आवेदन नहीं किया। एडीएम सिटी अंजनी कुमार सिंह ने बताया कि आवंटियों से प्रपत्र जमा कराए जा रहे हैं। आवंटियों को पटाखों बिक्री के लिए दुकान, बिजली की व्यवस्था, अग्निशमन के इंतजाम व अन्य व्यवस्थाएं स्वयं करनी हैं। त्योहार पर रात आठ बजे से 10 बजे तक दो घंटे पटाखों का प्रयोग किया जा सकेगा।