आगरा में एक निजी अस्पताल के स्टाफ व परिजन से एप में रकम लगाकर घर बैठे ब्याज कमाने का लुभावना ऑफर देकर साइबर ठगों ने 30 लाख रुपये ठगी कर ली। इसके बाद एप बंद हो गया। पीड़ित ने हेल्पलाइन नंबर पर शिकायत दर्ज कराई है।
हरीपर्वत थाना क्षेत्र के कपिल एक निजी अस्पताल में नौकरी करते हैं। उन्होंने बताया कि उनके अस्पताल स्टाफ का एक साथी कुछ दिन पहले पंजाब गया था। वहां एक व्यक्ति ने उसे डोले और डीजेआई ग्रुप के बारे में बताया। उसने एप का लिंक उसके व्हाट्सएप पर भेजा। उसने बताया कि इस एप पर 500 रुपये निवेश करने पर ब्याज सहित 40 दिन में 1200 रुपये हो जाएंगे। 10 हजार के निवेश पर 20 दिन में 27 हजार रुपये हो जाने का दावा किया। इसके बाद उन्होंने 10 हजार रुपये निवेश कर दिए। नियम के हिसाब से तय समय में रकम ढाई गुना हो गई।
इसके बाद उन्होंने भी अपने दोस्तों को एप के बारे में जानकारी दी। इसके बाद कुछ ही दिन में अस्पताल के दो दर्जन से अधिक कर्मचारियों ने भी रुपये निवेश करना शुरू कर दिया। पहली और दूसरी बार में बढ़े हुए रुपये मिलने पर उन्हें भी एप पूरा भरोसा हो गया। इसके बाद उन्होंने परिजन और दोस्तों को भी एप का लिंक देकर निवेश करने को बोल दिया। एप वालों ने तीन बार तक रुपये बढ़ाकर दिए।
लालच में आकर सबने छोटी रकम लगाने के बाद ज्यादा निवेश कर दिया। इसके बाद चौथी बार में किसी की खाते में रुपये नहीं आए और एप बंद हो गया। इसमें कपिल ने 45 हजार रुपये निवेश किए। इसके साथ ही उसके अन्य स्टाफ व दोस्तों के साथ करीब 30 लाख से अधिक रुपयों की ठगी हो गई। मामले की जानकारी होने के बाद में उन्होंने साइबर सेल के हेल्पलाइन नंबर पर शिकायत कराई।