आगरा के खंदौली थाना क्षेत्र के आगरा जलेसर मार्ग स्थित चंद्रावली प्रॉपर्टी डीलर के पास एक फैक्टरी में बृहस्पतिवार की रात चोरों ने धावा बोल दिया। चोर फैक्टरी का ताला तोड़कर अंदर घुसे और कीमती सीसा, रांगा व एल्यूमिनियम सहित हजारों रुपए का माल चोरी कर फरार हो गए।
पीड़ित फिरोज निवासी घटिया आजम खां, थाना हरी पर्वत, आगरा की नगला नेहरा के पास जलेसर रोड स्थित चंद्रा प्रॉपर्टी डीलर के समीप कच्चे एल्यूमिनियम से सीसा-रांगा बनाने की फैक्टरी है। बृहस्पितवार देर रात चोर फैक्टरी का ताला तोड़कर अंदर घुसे और करीब 70 किलो रांगा व अन्य सामान चोरी कर ले गए।
शुक्रवार सुबह जब फैक्टरी मालिक फिरोज काम पर पहुंचे तो चोरी की घटना का पता चला। पीड़ित ने थाना खंदौली में चोरों के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना की जांच शुरू कर दी है। आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि चोरों का सुराग लगाया जा सके।