आगरा कॉलेज में 21 नवंबर को स्थापना दिवस मनाया जाएगा। सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे। इस दौरान कॉलेज परिसर में नई विकास परियोजनाओं का भूमि पूजन भी किया जाएगा।
विज्ञापन
प्राचार्य प्रो. सीके गौतम ने बताया कि कॉलेज की 34 बीघे भूमि पर नौ प्रमुख परियोजनाओं की नींव रखी जाएगी। इनमें नए शैक्षणिक भवन, आधुनिक परीक्षा हॉल, अनुसंधान केंद्र, स्मार्ट क्लासरूम आदि निर्माण शामिल हैं। प्राचार्य ने बताया कि आगरा काॅलेज के पुराने छात्र रहे प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय के प्रयास से हड़पी गई जमीन मुक्त कराई गई। उन्होंने काॅलेज उन्नयन के 9 प्रस्तावों की स्वीकृति भी दिलवाई।
दस्तावेज में तारीख 21 नवंबर
प्राचार्य प्रो. सीके गौतम ने बताया कि वैसे कॉलेज की जो स्थापित तिथि है वे 6 नवंबर दिखती है। पर कॉलेज के दस्तावेज के अनुसार स्थापित तिथि 21 नवंबर है। पूर्व में भी 200 साल होने पर भी आयोजन के लिए प्रयास किए थे लेकिन हो नहीं पाया। यह आयोजन न केवल आगरा कॉलेज के 202 वर्ष के गौरव को समर्पित होगा, बल्कि आने वाले समय में संस्थान को नई दिशा देने वाला साबित होगा।