1.33 लाख श्रमिकों के पंजीकरण का लक्ष्य
विकास भवन में शुक्रवार को हुई उत्तर प्रदेश राज्य सामाजिक सुरक्षा बोर्ड की बैठक में सीडीओ ए. मणिकंदन ने श्रमिकों का अधिक से अधिक संख्या में पंजीकरण करने पर जोर दिया। बैठक की अध्यक्षता करते हुए सीडीओ ने असंगठित क्षेत्र के 1,33,500 श्रमिकों के पंजीकरण का लक्ष्य दिया।
उन्होंने लंबित ऑनलाइन आवेदनों का एक दिन में निस्तारण करने और निर्माणाधीन आगरा मेट्रो रेल परियोजना, अटल आवासीय विद्यालय में शिविर लगाकर श्रमिकों के पंजीकरण कराने के निर्देश भी दिए। सीडीओ ने देहातों में पंजीकरण बढ़ाने के लिए सप्ताह में तीन दिन ब्लॉक में बैठने के लिए भी निर्देशित किया है। सहायक श्रम आयुक्त पल्लवी अग्रवाल ने इस वित्तीय वर्ष में सात बाल श्रमिकों को चिह्नित कर बाल श्रमिक विद्या योजना का लाभ दिलाने की जानकारी दी।
सहायक श्रम आयुक्त सर्वेश कुमारी ने बताया कि राष्ट्रीय बाल श्रम परियोजना के विशेष प्रशिक्षण केंद्रों का प्रस्ताव श्रम मंत्रालय और भारत सरकार को भेजा जा चुका है, जिससे बाल श्रमिकों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ा जा सके। बैठक में उप श्रमायुक्त धर्मेंद्र कुमार सिंह ने विभाग की विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों और पंजीकरण हो चुके श्रमिकों की जानकारी दी।