आगरा और अलीगढ़ मंडल के कई कालेजों में परीक्षाओं के लिए प्रवेश पत्र नहीं मिलने से समस्या बनी रही। बुधवार को आरबीएस कालेज में बीएससी कृषि की परीक्षा थी। प्रवेश पत्र न होने के कारण दोपहर 11 बजे होने वाली परीक्षा से पहले छात्र हंगामा करने पर आमादा हो गए। लिहाजा कालेज प्रशासन ने उनकी परीक्षा बिना प्रवेश पत्र के ही करा दी।
बाद में पता चला कि कालेज ने एमआईएस जनरेट नहीं किया, इसलिए प्रवेश पत्र नहीं मिले। परीक्षा के दौरान ही एमआईएस जनरेट किए गए और बाद में सभी को प्रवेश पत्र दे दिए गए। अन्य कालेजों के संचालकों ने भी विश्वविद्यालय प्रशासन से संपर्क किया। देर शाम तक सभी के कालेज लॉग इन में प्रवेश पत्र पहुंचाने की कोशिश चल रही थी। असल में इन कालेजों ने भरवाए गए परीक्षा फार्म को अप्रूव्ड नहीं किया, जिससे यह फार्म विवि के लिंक तक नहीं पहुंचे थे और उनके प्रवेश पत्र तैयार नहीं हो सके थे। संभावना है कि गुरुवार को होने वाली परीक्षा में प्रवेश पत्र कक्षाओं में ही छात्रों को दिए जाएं।