आगरा में प्रेमिका की शादी रुकवाने के लिए पहुंचे युवक की युवती के परिजनों ने जमकर पिटाई कर दी। वहां से गुजर रहे चीता मोबाइल के सिपाहियों ने लोगों को समझाकर उसे बचाया।
दिल्ली के सुल्तानपुरी निवासी युवक मंगोलपुरी थाने के सामने कन्फेक्शनरी की दुकान चलाता है। उसने थाना हरीपर्वत पुलिस को बताया कि जून, 2018 में घर में रिश्तेदार युवती रहने आई थी।
युवती हरीपर्वत क्षेत्र के एक मोहल्ले की रहने वाली है। अक्तूबर, 2018 में दोनों ने आर्य समाज मंदिर में शादी कर ली। दो महीने बाद वह मायके चली गई।
जेल जा चुका है युवक
उधर, युवती के परिजनों ने युवक के खिलाफ सुल्तानपुरी थाने में बहला-फुसलाकर अपहरण, पॉक्सो एक्ट सहित अन्य धारा में मुकदमा दर्ज कराया। शैक्षिक प्रमाणपत्र के आधार पर बेटी को नाबालिग बताया।
पुलिस ने युवक को जेल भेज दिया। फरवरी, 2019 में वो जमानत पर बाहर आ गया। मामले में उसने कोर्ट में वाद दायर किया। एक सप्ताह पहले युवक को पता चला कि युवती की शादी हो रही है।
सोमवार को वो एक परिचित के साथ उसके घर पहुंच गया। युवती के परिजनों ने पकड़कर जमकर पिटाई लगा दी। सड़क पर दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। थाना एमएम गेट की चीता मोबाइल के सिपाही सुधीर कुमार और पंकज द्विवेदी ने उसे बचाया।
सेंट जोंस रोड पर लगा जाम
युवक की पिटाई के दौरान भीड़ जुटने से सेंट जोंस रोड पर जाम लग गया। वाहन रुक गए। कुछ लोगों ने मोबाइल से वीडियो भी बनाना शुरू कर दिया। पुलिस टीम के पहुंचने पर जाम खुला।
जांच के बाद होगी कार्रवाई
थाना हरीपर्वत के प्रभारी निरीक्षक अजय कौशल ने बताया कि युवक ने पूछताछ में युवती से शादी की बात कही है। वो जेल भी गया था। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।