आगरा-जयपुर हाईवे पर महुअर गांव के समीप निर्माणाधीन लेदर पार्क के पास बुधवार की रात एक कार खड़े कैंटर में जा घुसी। हादसे में 27 वर्षीय युवती की मौत हो गई। जबकि कार में सवार युवक घायल हो गया है। हादसे के बाद घटनास्थल का एक वीडियो भी वायरल हुआ है। जिसमें कार में एक युवती अर्धनग्न दिख रही है।
पुलिस के मुताबिक आगरा शहर की रहने वाली युवती बुधवार की रात करीब नौ बजे अपने दोस्त के साथ कार से फतेहपुर सीकरी की ओर जा रही थी। अछनेरा थाना क्षेत्र के निर्माणाधीन लेदर पार्क के समीप उनकी कार सड़क किनारे खड़े कैंटर में जा टकराई। घटना में युवती की मौत हो गई। जबकि कार चला रहा युवक घायल हो गया। उसका नाम अमित जाटव है। वह डांस की क्लास चलाता है।
हादसे के बाद लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पर पहुंची किरावली और मिढ़ाकुर चौकी पुलिस ने घायल को कार से निकालकर इलाज के लिए अस्पताल भेजा। हादसे के बाद एक वीडियो भी वायरल हुआ है, जिसमें मृत युवती अर्धनग्न अवस्था में दिख रही है। कार के अंदर नमकीन के पैकेट और डिस्पोजल पड़े दिखाई दे रहे हैं।