आगरा के गांव बिसैरा में 25 वर्षीय छात्रा का शव मंगलवार सुबह फंदे में लटका मिला। मौके पर एक सुसाइड नोट मिला है, जिसमें पीजीटी व अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में असफल होने के कारण आत्महत्या की बात लिखी गई है।
थाना कागारौल के गांव बिसैरा निवासी सुरेश चंद्र मंगलवार को सुबह दूसरे कमरे में सो रही अपनी 25 वर्षीय बेटी लक्ष्मी को जगाने पहुंचे तो दरवाजा अंदर से बंद मिला। खटखटाने पर भी जब दरवाजा नहीं खुला तो खिड़की से झांक कर देखा।
कमरे में लक्ष्मी का शव फंदे से लटका था। घर में चीखपुकार मची तो ग्रामीण जमा हो गए और पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने आकर दरवाजा तोड़ा और फंदे पर लटके शव को उतारा। मौके से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ।