आगरा में पालड़ा से पाइप लाइन के जरिए लाया गया गंगाजल शनिवार को जीवनी मंडी वाटरवर्क्स पर 45 एमएलडी के प्लांट तक पहुंच गया, लेकिन प्लांट की सफाई और पानी में गंदगी आने के कारण गंगाजल की घरों तक आपूर्ति के लिए अभी कम से कम दो दिनों का इंतजार करना होगा।
शनिवार को जल निगम के अधिकारियों ने नवनिर्मित 45 और 90 एमएलडी प्लांट की सफाई कराई। पाइप लाइन से आ रहे गंगाजल में आ रही गंदगी के कारण इसे यमुना नदी में डाला जा रहा है। साफ पानी मिलने पर यह दोनों प्लांट में भरा जाएगा, जिसके बाद शोधन होगा और तब मंगलवार-बुधवार को आपूर्ति हो पाएगी।
8 घंटों में भरे जाएंगे नए बने टैंक
जलकल विभाग ने जीवनी मंडी वाटर वर्क्स पर अंडरग्रांउड बने रिजर्वायर की सफाई के साथ मशीनरी और प्लांट की सफाई का काम शुरू किया। तीन दिनों से पाइप लाइन की सफाई का काम जारी है। गंगाजल को सबसे पहले 45 एमएलडी प्लांट में डाला गया। यहां केमिकल मिलाने का ट्रायल किया गया।