आगरा में पितृपक्ष में शहर के लोगों को पानी के लिए भटकना पड़ रहा है। बृहस्पतिवार को भी लोगों को न गंगाजल मिला और न ही यमुना जल। सिकंदरा वाटरवर्क्स के पास कैलाश गांव में रॉ-वाटर की पाइपलाइन फट गई। मरम्मत का काम शुरू कराया गया है। मगर, गंगाजल के लिए लोगों को और इंतजार करना होगा। शुक्रवार रात तक ही गंगाजल आ पाएगा और शनिवार तक घरों में मिलने के आसार हैं।
सिकंदरा और जीवनी मंडी वाटरवर्क्स से गंगाजल की आपूर्ति तीन दिनों से ठप है। आरओ प्लांट पर कैंपरों की मांग बढ़ी है। पीपलमंडी के पार्षद रवि माथुर ने बताया कि लोगों को एक-एक बाल्टी पानी के लिए भटकना पड़ रहा है। बाग फरजाना के पार्षद शरद चौहान ने बताया कि टैंकर भी नहीं मिल पा रहे हैं।
नए जीएम ने पालड़ा जाकर देखी वजह
जलकल के नए महाप्रबंधक अनिरुद्ध भारती ने बृहस्पतिवार सुबह बुलंदशहर के पालड़ा फॉल जाकर संकट की वजह जानी। उन्होंने जल निगम और सिंचाई विभाग के अधिकारियों से वार्ता की। पता चला कि नहर पर लगा गेट क्षतिग्रस्त है, जिसे नया लगाया जा रहा है। नया गेट लग जाने पर शुक्रवार दोपहर से जलापूर्ति शुरू हो सकेगी। आगरा तक पानी आने में 18 घंटे लगेंगे। ऐसे में शनिवार को ही पानी मिल पाएगा। प्रभारी जीएम जलकल अनिरुद्ध भारती ने बताया कि मैं बुलंदशहर में हूं। शुक्रवार को यहां से गंगाजल की आपूर्ति शुरू हो जाएगी। आगरा पानी पहुंचने पर जलापूर्ति शुरू हो सकेगी। कैलाश मंदिर रोड पर यमुना जल की लाइन को ठीक किया जा रहा है। वह रात में ठीक हो जाएगी। सुबह प्लांट चालू हो जाएगा।
इन नंबरों पर करें संपर्क
टोल-फ्री नंबर 1800-2702722
कंट्रोल रूम 8192095401
व्हाट्सएप नंबर-8192095212
विनीत चौधरी - 8192095732
कैलाश मंदिर रोड पर फटी पाइपलाइन
कैलाश मंदिर मार्ग पर बृहस्पतिवार शाम को 1600 एमएम की यमुना जल की पाइपलाइन फटने से पानी का संकट और गहरा गया। सिकंदरा से जुड़े इलाकों में एमबीबीआर प्लांट से यमुना जल शोधित कर दिया जा रहा था, वह भी ठप हो गया है। यह रॉ-वाटर लाइन थी। यमुना नदी से इसी लाइन के जरिए सिकंदरा वाटरवर्क्स तक पानी पहुंचता है। दोपहर में तेज प्रेशर के साथ पानी की लाइन फटी तो पूरे क्षेत्र में पानी भर गया। जानकारी पर लाइन बंद कराई गई। तीन माह में तीसरी बार पाइपलाइन फटी है। सिकंदरा में त्रिवेणी इंजीनियरिंग एमबीबीआर प्लांट का संचालन करती है। लगातार लापरवाही से कंपनी पर नगर आयुक्त ने जुर्माना लगाया है।