आगरा के जगदीशपुरा में जमीन कब्जाने के मामले में पांच दिन बाद भी आरोपी एसओ-बिल्डर की गिरफ्तारी नहीं हो सकी हैं। पुलिस ने बृहस्पतिवार को एक आरोपी अमित अग्रवाल को जेल भेजा है। वह मुकदमे में आरोपी बिल्डर के साथी पुरुषोत्तम पहलवान का गुर्गा है। पहलवान ने जेल में पीड़ित परिवार को धमकी दी थी। पुलिस उसकी भी तलाश में दबिश का दावा कर रही है।
बोदला मार्ग पर 10 हजार गज जमीन को कब्जाया गया था। दो फर्जी मुकदमे लिखकर रवि कुशवाहा के परिवार के 5 लोगों को जेल भेजा गया। मामला डीजीपी तक पहुंचने के बाद कार्रवाई हुई। फर्जी मुकदमा और जमीन कब्जाने के मामले में तत्कालीन एसओ जगदीशपुरा जितेंद्र कुमार, बिल्डर कमल चौधरी और धीरू चौधरी सहित 12-15 अज्ञात को नामजद किया गया। मामले में एसओ सहित 4 पुलिसकर्मियों को निलंबित किया गया था।
डीसीपी सिटी सूरज राय ने बताया कि पीड़ित परिवार से पूछताछ में फ्रेंड्स काॅलोनी के रहने वाले अमित अग्रवाल का नाम आया था। इस पर उसे पकड़ लिया गया। उससे पूछताछ की। अमित ने ज्यादा कुछ नहीं बताया। वो यही बोलता रहा, उसे नहीं पता कि और कौन लोग हैं। आरोपी अमित को धमकाने और आपराधिक साजिश में जेल भेजा गया। वह पीड़ित परिवार को धमकाने जाता था। बिल्डर के साथी पुरुषोत्तम पहलवान का गुर्गा है।
पत्नी ने दी थी अपहरण की सूचना
अमित को पकड़ने के लिए फ्रेंड्स काॅलोनी में एक गाड़ी से पुलिसकर्मी पहुंचे थे। अमित को अपने साथ ले गए थे। परिवार के लोगों को लगा कि अमित का अपहरण कर लिया गया है। इसलिए अपहरण का हल्ला मच गया। सीसीटीवी फुटेज भी वायरल हो गए। पुलिस ने बाद में परिजन को गिरफ्तारी की जानकारी दी गई।