डेंगू का ‘दोस्त’ आपकी खिड़की के पास तो नहीं। पढ़कर चौंक गए लेकिन यह हकीकत है। डेंगू का कारक मच्छर एडीज एजिप्टाई जहां पनपता है, उसका सबसे बड़ा ठिकाना कूलरों में जमा ही पानी है। हाल ही में घरों में निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीम को ऐसी लापरवाही देखने को मिली है।
मलेरिया, डेंगू और चिकिनगुनिया के बढ़ते प्रकोप के मद्देनजर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने हाल ही घरों में जाकर निरीक्षण किया। इस दौरान टीम को अधिकांश घरों में कूलर में पानी भरा मिला जो लंबे समय से नहीं बदला गया। इसके अलावा कई घरों में बिना ढक्कन की टंकियों में मच्छर तैरते हुए मिले।
टीम ने लोगों को बताया कि एडीज एजिप्टाई मच्छर स्वच्छ पानी में ही पैदा पनपता है। इसलिए कूलर में भरा पानी तत्काल निकाल दें और पानी की टंकियों के ढक कर रखें। जिला मलेरिया अधिकारी आरके दीक्षित ने बताया कि कूलर में जमा पानी डेंगू को न्यौता देने के समान है। लोगों को जागरूक कर बचाव के बारे में बताया जा रहा है।
ऐसा दिखता है मच्छर
मच्छर के शरीर का आधार गहरे काले रंग का होता है। सफेद चमकीली पट्टियां होती हैं। सिर के पीछे के भाग पर हंसिये के आकर की उल्टी आकृतियां होती हैं। ये दिन में खास तौर से सुबह के समय काटता है।
बीमारी सैंपल पुष्टि भर्ती स्थिति
मलेरिया (जनवरी से सितंबर तक) 1,04,067 34 शून्य हालत ठीक
डेंगू (अगस्त से सितंबर तक) 74 14 16 भर्ती हालत बेहतर
चिकिनगुनिया (अगस्त-सितंबर तक) 5 1 शून्य हालत ठीक
ऐसा करें
- कूलर के पानी में नमक या केरोसिन की कुछ बूंदें डालें
- फुल आस्तीन के कपड़े पहनें, मच्छरदानी का प्रयोग करें
- सप्ताह में दो बार मच्छरनाशी दवा का छिड़काव करें