आगरा में एक युवक पर उसके दोस्त और अज्ञात साथियों ने हमला कर 60 हजार रुपये लूटने का आरोप लगा है। घायल युवक को सड़क पर छोड़कर आरोपी भाग गए, पुलिस से सुनवाई न होने पर पिता ने कोर्ट का दरवाजा खटखटाया।
मामूली-सी रकम के लिए एक दोस्त दगाबाज बन गया। रुपये के लालच में दोस्ती को तार-तार करते हुए युवक पर हमला कर 60 हजार रुपये लूट लिए। पुलिस ने भी शिकायत अनसुनी कर दी तो पीड़ित के पिता ने कोर्ट की शरण ली। अदालत के आदेश पर आरोपी युवक खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
विज्ञापन
बाग मुजफ्फर खां निवासी नौनकरन ने बताया कि उनका बेटा धर्मवीर बोदला निवासी शिवा के यहां गिलट की पायल बनाने का काम करता है। 27 जून की रात करीब आठ बजे वह 60 हजार रुपये वेतन लेकर अपने दोस्त पतंग वाली गली निवासी महेश के साथ स्कूटी से घर लौट रहा था।
आरोप है कि रास्ते में महेश ने अपने अज्ञात साथियों के साथ मिलकर धर्मवीर पर हमला बोल दिया। स्कूटी में रखे 60 हजार रुपये भी लूट लिए। इसके बाद आरोपी गंभीर हालत में उसे रास्ते पर छोड़कर भाग निकले। राहगीरों ने घायल धर्मवीर को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। साथ ही परिजन को जानकारी दी। सूचना पर पहुंचे परिजन उसे एक अन्य अस्पताल ले गए। युवक का अब भी इलाज चल रहा है।
विज्ञापन
सुनवाई नहीं होने पर पहुंचे कोर्ट
नौनकरन का आरोप है कि घटना की शिकायत जगदीशपुरा थाने में की गई लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद मुख्यमंत्री पोर्टल पर भी शिकायत की। वहां से भी कोई समाधान नहीं मिला तो पुलिस आयुक्त को रजिस्टर्ड डाक से शिकायत भेजी लेकिन प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई। कार्रवाई न होने पर न्यायालय में प्रार्थनापत्र दिया। लोहामंडी एसीपी गौरव सिंह ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर एक नामजद और कुछ अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।