उत्तर प्रदेश के आगरा जिले में अब एक बार ही मुफ्त राशन मिलेगा। नए बजट में भले एक साल तक मुफ्त अन्न योजना की मियाद बढ़ गई हो लेकिन, अब राशन महीने में दो बार की बजाय एक बार ही मिलेगा। जिले में 1500 मीट्रिक टन आवंटन घट सकता है। प्रत्येक कार्डधारक को जिले में 5-5 किलो राशन प्रत्येक 15-15 दिनों के अंतराल पर वितरित किया जाता था।
जिला पूर्ति विभाग के पास करीब 7.50 लाख कार्डधारक हैं। 33 लाख से अधिक यूनिट हैं। जिन्हें हर महीने तीन हजार मीट्रिक टन खाद्यान्न का मुफ्त आवंटन होता था। प्रत्येक 15-15 दिन के अंतराल पर राशन वितरण होता था। जिला पूर्ति अधिकारी संजीव सिंह ने बताया कि नई व्यवस्था के तहत महीने में अब एक बार मुफ्त खाद्यान्न वितरण किया जाएगा।
दो साल से राशन का मुफ्त वितरण हो रहा है
उन्होंने बताया कि जिले का आवंटन भी तीन हजार से घटकर 1500 मीट्रिक टन रह सकता है। कोरोना काल में शासन ने मुफ्त राशन वितरण योजना शुरू की थी। दो साल से राशन का मुफ्त वितरण हो रहा है। नए बजट में प्रधानमंत्री मुफ्त अन्न योजना शुरू की गई है। इसमें एक साल तक निःशुल्क राशन वितरण का प्रावधान है।
घटतौली पर नहीं कार्रवाई
जिले में एक हजार से अधिक सस्ता गल्ले की दुकानें हैं। तहसील दिवस से लेकर कलेक्ट्रेट तक हर महीने 15 से 20 शिकायतें कम राशन वितरण व घटतौली की आ रही हैं। घटतौली की शिकायतों पर पूर्ति विभाग कार्रवाई नहीं करता। जिला पूर्ति अधिकारी ने बताया कि घटतौली की शिकायतों पर नियमित जांच कराई जाती है। दुकान का निलंबन तक होता है।