मूंगफली का दाना श्वांस नली में फंसने के कारण शहर के आवास विकास कॉलोनी में एक मासूम की मौत हो गई। जिला चिकित्सालय में चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मासूम की मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। माता पिता का रो रोकर बुरा हाल है।
आवास विकास कॉलोनी निवासी लवेश सोलंकी (4) पुत्र के.डीएन सोलंकी बुधवार की रात मूंगफली खा रहा था। इसी बीच मूंगफली का दाना उसकी श्वांस नली में फंस गया और वह झटपटाने लगा। उसकी श्वसन प्रक्रिया प्रभावित हो गई।
परिजन आनन फानन में उसे पहले तो दो निजी चिकित्सालयों में ले गए। यहां चिकित्सकों ने उसे रेफर कर दिया। हालत नाजुक होती जा रही थी। परिजन मासूम को लेकर जिला अस्पताल पहुंच गए। जहां उसका उपचार शुरू होने से पहले ही उसने दम तोड़ दिया। चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मासूम की मौत होते ही जिला अस्पताल में ही परिजन चीख पुकार करने लगे। पूरे परिवार में कोहराम मच गया। जानकारी मिलने पर शुभ चिंतक और रिश्तेदार जिला अस्पताल पहुंच गए। मासूम की दर्दनाक मौत से हर कोई द्रवित था।
बता दें कि मासूम के पिता केडीएन सोलंकी सोरों ब्लॉक के प्राथमिक विद्यालय परमोरा में प्रधानाध्यापक के पद पर तैनात हैं और वह जिला सहकारी बैंक के डायरेक्टर भी हैं। मूल रूप से वह अमांपुर विकासखंड के गांव नगला किशन के रहने वाले हैं।