मैनपुरी। थाना कुरावली क्षेत्र में कुरावली से मैनपुरी आ रहा टेंपो बाइक सवार को बचाने के प्रयास में पलट गया। हादसे में टेंपो सवार चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
रविवार की शाम एक टेंपो कुरावली से सवारी लेकर मैनपुरी आ रहा था। टेंपो मैनपुरी-कुरावली मार्ग पर महादेवा के पास पहुंचा, तभी अचानक सामने आए बाइक सवार को बचाने के चक्कर में पलट गया। टेंपो पलटने से उसमें सवार कुरावली के मोहल्ला बेदनटोला निवासी इकबाल, बिछवां के गांव सुजरई निवासी अर्जुन सिंह, मैनपुरी राजा का बाग निवासी साहब सिंह और राजकुमार गंभीर घायल हो गए। ग्रामीणों ने एंबुलेंस बुलाकर घायलों को जिला अस्पताल भेजा। जिला अस्पताल में चारों की हालत चिंताजनक बनी हुई थी।