एटा के मलावन थाना क्षेत्र में ट्रक और मैजिक की भिड़ंत में मंगलवार तड़के तीन बजे एक परिवार के चार लोगों की मौत हो गई। जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल से आगरा और सैफई रेफर कर दिया गया। पुलिस ने मलावन के हाईवे पर हुए हादसे का कारण मैजिक चालक को झपकी आना माना है। बताया जा रहा है कि मैजिक चालक को नींद आने के कारण ट्रक से टक्कर हुई है।
मैनपुरी के थाना भोगांव क्षेत्र के मौजेपुर निवासी भगवती प्रसाद (65) पुत्र सरदार सिंह का बेटा सुरेंद्र नोएडा में फल व्यवसायी है। मंगलवार तड़के तीन बजे भगवती प्रसाद अपने पौत्र कौशल उर्फ कल्लू (28) पुत्र हृदेश, भतीजा राजीव उर्फ राजू पुत्र (30) अंतराम और सर्वेश (28) पुत्र फतेह सिंह, धेवता केतन पुत्र अरविंद, राघवेंद्र पुत्र प्रमोद के साथ मैजिक वाहन से नोएडा से घर लौट रहे थे।
वाहन मलावन थाना क्षेत्र के आसपुर के पास पहुंचा था कि सामने से आ रहे ट्रक ने टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही मैजिक के परखच्चे उड़ गए। मौके पर चीख-पुकार मचने लगी। हादसे में मैजिक सवार भगवती प्रसाद, कौशल और राजीव की मौके पर ही मौत हो गई।
जबकि तीन अन्य घायलों को पुलिस ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां से डाक्टरों ने सर्वेश पुत्र फतेह सिंह, राघवेन्द्र को गंभीर बता सैफई रेफर कर दिया। सैफई अस्पताल में सर्वेश ने भी दम तोड़ दिया। शव को पुलिस ने पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे की जानकारी मिलते ही परिवारीजनों में कोहराम मच गया।