आगरा। फाउंड्री नगर स्थित सैटेलाइट बस अड्डे का जल्द ही लोकार्पण होगा। इसके बाद यहां से रोज 250 से 300 बसें चलेंगी। इससे अलीगढ़, मेरठ, मुरादाबाद, सहारनपुर, शामली और देहरादून रूट के यात्रियों को सुविधा मिलेगी। किराया आईएसबीटी की तुलना में 12 से 16 रुपये कम होगा और शहर में जाम की समस्या भी घटेगी।
रोडवेज के आरएम बीपी अग्रवाल ने बताया कि अभी करीब 100 बसें फाउंड्री नगर से होकर गुजर रही हैं, जिन्हें आईएसबीटी से संचालित किया जा रहा है। 1 से 9 मार्च के बीच 3,892 यात्रियों ने यहां से यात्रा की, जिनमें 1,892 आगमन और 2,000 प्रस्थान करने वाले यात्री शामिल हैं। लोकार्पण के बाद सैटेलाइट बस अड्डा बसों का होल्डिंग एरिया बनेगा और रोजाना 250 से 300 बसों का संचालन होगा।
इससे हाथरस, अलीगढ़ होते हुए मेरठ, मुरादाबाद, सहारनपुर, शामली और उत्तराखंड के देहरादून तक जाने वाले यात्रियों को सीधी सुविधा मिलेगी। टेढ़ी बगिया और रामबाग क्षेत्र के लोगों को वाटरवर्क्स या आईएसबीटी तक नहीं जाना पड़ेगा। इससे भगवान टॉकीज, वाटरवर्क्स और अबुल उल्लाह दरगाह क्षेत्र में जाम की समस्या से भी छुटकारा मिल सकेगा।