माइनर की पटरी पर भर दी पेट्रोल पंप की नींव
- नहर विभाग के अवर अभियंता ने दर्ज कराई रिपोर्ट
संवाद न्यूज एजेंसी
किशनी। सौंरिख सकरावा मार्ग पर एक व्यक्ति ने माइनर की पटरी पर ही पेट्रोल पंप की नींव भर दी। जानकारी होने के बाद नहर विभाग इटावा प्रखंड के अवर अभियंता ने निरीक्षण किया। नींव भरने वाले के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई है।
थाना क्षेत्र में 16 जनवरी को अवर अभियंता नहर प्रखंड इटावा अवनीत मिश्रा माइनर शरीफाबाद में टीम के साथ गश्त कर रहे थे। इस दौरान देखा कि सौंरिख सकरावा मार्ग पर माइनर की पटरी पर किसी ने नींव भर दी थी। जानकारी करने पर पता चला कि नगला मिदिया निवासी राहुल यादव ने पटरी पर पेट्रोल पंप की नींव भर ली है। इसके बारे में जेई ने उच्चाधिकारियों को सूचना दी। इसके बाद थाने पहुंच कर तहरीर दी। पुलिस ने नगला मिदिया निवासी राहुल यादव के खिलाफ राजकीय संपत्ति क्षति पहुंचाने आदि की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच व कार्रवाई शुरू कर दी है।