उत्तर प्रदेश के आगरा में फरार चल रहे पूर्व मंत्री उदयभान सिंह के नाती दिव्यांश चौधरी ने मंगलवार को आत्म समर्पण के लिए प्रार्थनापत्र दिया है। कोर्ट ने संबंधित थाने से आख्या मांगते हुए 19 जुलाई की तिथि नियत कर दी है। जयपुर हाउस में कारोबारी की बेटी और कारोबारी पर कार चढ़ाकर जान से मारने की कोशिश का मामला है।
पूर्व मंत्री उदयभान सिंह का नाती इस मामले में काफी समय से फरार चल रहा है। अप्रैल में उसके विरुद्ध जयपुर हाउस के रहने वाले कारोबारी की बेटी ने जानलेवा हमले का मुकदमा दर्ज कराया है। आरोपी कार चढ़ाते हुए सीसीटीवी कैमरे में कैद हुआ था। इस मामले में सत्ताधारी दल के नेताओं के दबाव के कारण पुलिस ने मुकदमा दर्ज नहीं किया।
पीड़िता के पक्ष में पंजाबी समाज के लामबंद होने के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा तो दर्ज किया मगर गिरफ्तारी नहीं की। इसके बाद फरार आरोपी की कार बरामद कर ली। आरोपी ने मुकदमे को चुनौती देने के लिए हाईकोर्ट में याचिका पेश की, मगर उसे भी खारिज कर दिया गया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कुर्की की प्राथमिक कार्रवाई शुरू कर दी थी।