घायल पर्यटक का इलाज करतीं नर्स
- फोटो : अमर उजाला
ताजमहल के दीदार से पहले विदेशी पर्यटक को चलते वाहन से सेल्फी लेना महंगा पड़ गया। पोलैंड का पर्यटक सेल्फी लेने के चक्कर में गोल्फ कार्ट से गिर गया। इससे उसके सिर में चोट लग गई। पर्यटन पुलिस ने घायल पर्यटक को निजी अस्पताल में भर्ती कराया।
पोलैंड के ग्रास्का पेट्रीकोवस्की डारिउस अपने ग्रुप के साथ 16 नवंबर को दिल्ली आए थे। सोमवार को ताजमहल देखने आगरा आए थे। शाम तकरीबन 4.15 बजे शिल्पग्राम से गोल्फ कार्ट में ग्रुप के साथ सवार हुए थे। वो गोल्फ कार्ट में खड़े होकर सेल्फी ले रहे थे। अचानक उनका पैर फिसल गया, जिससे सड़क पर गिर पड़े।
ग्रास्का के सिर और अन्य जगह चोट लगी। पर्यटन पुलिस के सिपाही सुरेश राजपूत और पंकज कुमार ने पर्यटक को शांति मांगलिक अस्पताल में भर्ती कराया। गास्का के सिर में आठ टांके आए हैं। चोट लगने की वजह से पर्यटक ताजमहल भी नहीं देख सका।